अखबारों में नोटिस- वादों पर भरोसा न करें; केजरीवाल ने 7 दिन पहले ऐलान किया
दिल्ली सरकार ने संजीवनी और महिला सम्मान योजना को लेकर न्यूजपेपर में एक नोटिस जारी किया है। इसमें कहा गया कि, लोग इन तरह की योजनाओं के बहकावे में न आएं। राज्य सरकार ने ऐसी कोई योजना शुरू नहीं की है। दिल्ली सरकार की तरफ से दो विभागों ने यह नोटिस जारी किया। एक विज्ञापन महिला एवं बाल विकास विभाग की तरफ से जारी किया गया है। दूसरा नोटिफिकेशन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने दिया है। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इसी महीने महिला सम्मान योजना के तहत महिलाओं को ₹2100 रुपये हर महीने देने और संजीवनी योजना के तहत बुजुर्गों के मुफ्त इलाज का ऐलान किया था।
दिल्ली में चुनाव नजदीक, केजरीवाल के 30 दिन में 4 वादे
दिल्ली विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 फरवरी 2025 को खत्म हो रहा है। अगले दो महीने में चुनाव हो सकते हैं। पिछला विधानसभा चुनाव फरवरी 2020 में हुआ था, जिसमें आम आदमी पार्टी ने पूर्ण बहुमत हासिल किया था और 70 में से 62 सीटें जीती थीं।
18 दिसंबर: बुजुर्गों के लिए संजीवनी योजना का ऐलान
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को बुजुर्गों के लिए संजीवनी योजना का ऐलान किया। दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले केजरीवाल ने घोषणा की कि 60 साल से ऊपर के बुजुर्गों का मुफ्त इलाज होगा। केजरीवाल ने साफ किया कि ये इलाज सभी बुजुर्गों के लिए मुफ्त होगा, चाहे वो किसी भी कैटेगरी में आते हों।
12 दिसंबर: महिलाओं के लिए 1000 रुपए प्रति माह
केजरीवाल ने 12 दिसंबर को महिलाओं को हर महीने ₹1000 रुपए देने का ऐलान किया। इसे महिला सम्मान योजना नाम दिया गया है। 18 साल की उम्र पूरी करने वाली हर महिला इस स्कीम के दायरे में आएगी। केजरीवाल ने यह भी कहा कि चुनाव बाद महिलाओं को हर महीने मिलने वाली रकम को बढ़ाकर ₹2100 कर दिया जाएगा।
10 दिसंबर: ऑटो चालकों के लिए 4 ऐलान किए थे
केजरीवाल ने 10 दिसंबर को ऑटो चालकों के लिए 4 ऐलान किए थे। उन्होंने कहा था कि ऑटो चालक की बेटी की शादी के लिए 1 लाख रुपए दिए जाएंगे। होली-दिवाली पर वर्दी बनवाने के लिए ढाई-ढाई हजार रुपए दिए जाएंगे। 10 लाख रुपए का लाइफ इंश्योरेंस और 5 लाख का एक्सीडेंटल इंश्योरेंस भी कराया जाएगा। साथ ही ऑटो चालकों के बच्चों की कोचिंग का पैसा दिया जाएगा।
21 नवंबर: 5 लाख लोगों को हर महीने ₹2500 तक पेंशन का ऐलान
केजरीवाल ने 21 नवंबर को बुजुर्गों की पेंशन स्कीम को दोबारा शुरू करने का ऐलान किया। स्कीम में 80 हजार नए बुजुर्गों को और जोड़ा गया है। पहले 4.50 लाख लोगों को इस स्कीम का फायदा मिलता था। अब पांच लाख से ज्यादा बुजुर्ग इस स्कीम के दायरे में आएंगे। 60 से 69 साल तक के बुजुर्गों को हर महीने 2000 रुपए दिए जाएंगे। वहीं 70 साल से ऊपर के बुजुर्गों को 2500 रुपए महीना मिलेगा। स्कीम का ऐलान करते हुए दिल्ली के पूर्व CM अरविंद केजरीवाल ने कहा- बुजुर्गों के आशीर्वाद से वह जेल से बाहर आए थे। यह स्कीम उनको शुक्रिया अदा करने के लिए है।