उत्तरी भारत में बर्फबारी बर्फीले तूफान, अटल टनल बंद

देश- विदेश

श्रीनगर एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स रद्द, ट्रेनें भी बाधित

बर्फबारी, ओलावृष्टि और बारिश से पूरा देश ठिठुर गया है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों पर साल का सबसे भारी हिमपात हुआ। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में 8 इंच, गांदरबल में 7 इंच, सोनमर्ग में 8 इंच बर्फ गिरी। वहीं, पहलगाम में 18 इंच बर्फ गिरी। श्रीनगर-जम्मू हाईवे भी बंद हो गया है। यहां करीब 1200 से ज्यादा गाड़ियां फंसी हुई हैं। खराब मौसम के कारण रविवार को लगातार दूसरे दिन श्रीनगर एयरपोर्ट बंद है। रेलवे यातायात भी बाधित हुआ है।

उधर, हिमाचल प्रदेश में शनिवार रात बर्फीला तूफान चला। 24 घंटे में रोहतांग के नॉर्थ और साउथ पोल पर 3 फीट से ज्यादा बर्फ जम चुकी है। अटल टनल पर आवाजाही बंद कर दी गई है। दूसरी ओर, राजस्थान-मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश हुई। दिल्ली में शनिवार सुबह तक एक दिन में 41.2 मिमी बारिश हुई। यह दिसंबर में 101 साल में एक दिन में होने वाली सर्वाधिक बारिश है। मध्य प्रदेश के भी कई जिलों में तेज बारिश और ओले गिरे। भोपाल में शनिवार को हुई 17mm (पौन इंच) बारिश ने नया रिकॉर्ड बनाया। यह 5 साल बाद दिसंबर में एक दिन में हुई सबसे ज्यादा बारिश है।

3 राज्यों में बर्फबारी….

1. जम्मू कश्मीर में सुरंग जमी, लोगों ने क्रिकेट खेला

जम्मू-कश्मीर में 40 दिन के चिल्लई-कलां का दौरा जारी है, जिसमें भयंकर ठंड और बर्फबारी होती है। पिछले घंटे में 24 पुलवामा, अनंतनाग, शोपियां और कुलगांव में 2-2 फीट के करीब बर्फबारी हुई है।

भारी बर्फबारी के कारण श्रीनगर-लेह मार्ग भी बंद है। 8.5 किमी लंबी नवयुग सुरंग में जमी बर्फ हटाई जा रही है। यहां फंसे लोगों ने सुरंग में क्रिकेट खेल कर समय काटा। लोगों को कार में ही रात बितानी पड़ी।

2. हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के बाद लैंडस्लाइड

हिमाचल में बीते 24 घंटे से बर्फबारी और बारिश दोनों ही जारी हैं। कई इलाकों में लैंडस्लाइड भी हुआ। धर्मशाला सहित दूसरे पहाड़ी इलाकों में अन्य ऊपरी इलाकों में टेम्परेचर 0 से 1°C के बीच रहा।

3. उत्तराखंड में बद्रीनाथ नेशनल हाईवे बंद

उत्तराखंड के पहाड़ों में लगातार बर्फबारी और बारिश के कारण बद्रीनाथ नेशनल हाइवे भी बंद कर दिया गया है। चीन बॉर्डर को जोड़ने वाला जोशीमठ-नीति नेशनल हाइवे भी सुराईथोथा से आगे बंद है।

केदारनाथ और बद्रीनाथ को जोड़ने वाला चमोली-कुंड नेशनल हाइवे धोतीधार और मक्कू बेंड के बीच बंद किया गया है। कर्णप्रयाग जिले 50 से ज्यादा गांवों में बिजली गुल है।

अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम

30 दिसंबर: कहीं बारिश का अलर्ट नहीं

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिम उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर घने कोहरे की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का अलर्ट है। मध्य प्रदेश, राजस्थान में ठंड बढ़ने का अनुमान है।पंजाब, हरियाणा, राजस्थान व यूपी के कुछ हिस्सों में पाला पड़ सकता है।झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़ में बारिश होने का अनुमान है।

31 दिसंबर: उत्तर भारत के राज्यों में शीतलहर चलेगी

पहाड़ों की बर्फीली हवा से मध्य भारत ठिठुरेगा। यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़, मप्र, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली में तापमान गिरेगा।उत्तर भारत में शीतलहर और घने कोहरे के आसार हैं। इन राज्यों में हवा की रफ्तार भी 40 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा रहेगी।

1 जनवरी: 10 राज्यों में कोहरे का अलर्ट

मध्य प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घना कोहरा छाया रहेगा।हिमाचल प्रदेश में सीवियर कोल्डवेव का अलर्ट रहेगा। हिमाचल प्रदेश में ग्राउंड फ्रोस्ट कंडीशन रहेगी।

तमिलनाडु-पुडुचेरी में तेज रफ्तार में हवा चलेगी। इन राज्यों के कुछ जिलों में बिजली भी गिर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *