चुनावी बेला, दिल्ली में क्या कांग्रेस के लिये गेमचेंजर बनेगी ‘प्यारी दीदी योजना’

देश- विदेश

योजना में महिलाओं को मिलेंगे 2500 रुपये, दिल्ली चुनाव के लिए कांग्रेस की पहली गारंटी

दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा की है। कांग्रेस ने दिल्ली की महिलाओं के लिए प्यारी दीदी योजना का ऐलान किया है। इस योजना के तहत दिल्ली की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये मिलेंगे। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि मैं यहां प्यारी दीदी योजना को लॉन्च करने आया हूं। और कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि कांग्रेस दिल्ली में सरकार बनाएगी और हमारी पहली कैबिनेट में प्यारी दीदी योजना लागू की जाएगी और दिल्ली की महिलाओं को 2500 रुपये दिए जाएंगे। यह उसी मॉडल पर है जो हमने कर्नाटक में लागू किया था। कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए कांग्रेस जरूरी है।

पहली कैबिनेट मीटिंग में योजना को देंगे मंजूरी- अलका लांबा

इसी क्रम में कांग्रेस नेत्री अलका लांबा ने कहा कि केजरीवाल अपनी शीशमहल में तो जनता के टैक्स का पैसा लगाते हैं, लेकिन महिलाओं को कुछ नहीं देती। अगर पंजाब की महिलाएं उनसे जवाब मांगती है तो आप सरकार उन्हें कांग्रेसी कह देती है। दिल्ली की परमानेंट समस्याओं को कोई टेम्परेरी सरकार या सीएम नहीं सुलझा सकती। इस बार दिल्ली में कांग्रेस की परमानेंट सरकार बनेगी और पहली कैबिनेट मीटिंग में ही इस योजना को मंजूरी देकर पहली मार्च से ही महिलाओं के खाते में यह राशि डालना शुरू कर देगी।

कांग्रेस के 30 से अधिक वरिष्ठ नेता संभालेंगे मोर्चा

दिल्ली विधानसभा चुनाव की लगातार बढ़ रही सरगर्मियों के बीच कांग्रेस ने भी अपनी तैयारी को पुख्ता किया है। एक तरफ वार रूम से प्रत्याशियों के लिए दिशानिर्देश जारी किए जा रहे हैं, तो दूसरी तरफ आप और भाजपा को मुंहतोड़ दवाब देने के लिए 30 से अधिक वरिष्ठ नेताओं को भी मैदान में उतारा जा रहा है।

इसमें कांग्रेस के सभी प्रदेशों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से लेकर प्रवक्ता तक शामिल हैं। ये सभी वरिष्ठ नेता रोज यहां प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रेसवार्ता करेंगे।

चुनावी मैदान में उतरेंगे कांग्रेस के दिग्गज

कांग्रेस के घोषणापत्र यानी गारंटियों को भी जारी करेंगे। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि दिल्ली में कांग्रेस की टॉप लीडरशिप इस चुनावी मैदान में उतरेगी। इनके लिए बड़ी रैलियों से लेकर प्रत्याशियों के यहां पर जनसभाओं तक के लिए समय निर्धारित किया गया है। इनमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी व कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम किए जाएंगे। इनके अलावा जिन 30 से अधिक नेताओं की ड्यूटी प्रेसवार्ता के लिए लगाई गई है, उनमें उनमें तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवाकुमार, सचिन पायलट, अशोक गहलोत, जयराम रमेश, पवन खेड़ा, दीपेंद्र हुड्डा, कन्हैया कुमार, अजय राय, कुमारी शैलजा, जिग्नेश मेवानी, भूपेश बघेल, अजय माकन, चरणजीत सिंह चन्नी आदि का नाम शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *